चंडीगढ़– पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवाली से पहले सरकारी मुलाजिमों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुलाजिमों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही DA बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। बढ़ा हुआ DA दिसंबर की सैलरी में आएगा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि DA में बढ़ोतरी से करीब 8 लाख मुलाजिमों और पेंशनरों को लाभ मिलेगा। नवंबर महीने के वेतन में बढ़े हुए DA का लाभ जुड़ेगा, जबकि दिसंबर में मिलने वाली पेंशन में भी बढ़ा हुआ DA शामिल होगा
CM ने कहा कि 2022 में जब सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब कर्मचारियों को 28% DA मिल रहा था। इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों को 363 करोड़ रुपए का लाभ मिलेगा। बता दें कि सितंबर 2026 में पंजाब सरकार ने मुलाजिमों और पेंशनरों के DA में 8 फीसदी बढ़ोतरी का फैसला किया था। इससे महंगाई भत्ते की दर 42 फीसदी से बढ़कर 50 फीसदी हो गई थी।
पढ़ें क्या बोले CM मान…
- CM बोले- हमने DA में 11 प्रतिशत बढ़ोतरी की: सीएम भगवंत मान ने कहा कि पिछले 2 महीनों में सरकार ने पहले 8 फीसद और अब 3 प्रतिशत DA बढ़ाया है। इस तरह कुल 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
- सरकार की ओर से कोई कमी नहीं रखी जा रही: CM बोले- एक साल में करीब 1,088 करोड़ रुपए मुलाजिमों के खातों में जाएंगे। वहीं, 11 प्रतिशत DA बढ़ोतरी के हिसाब से यह राशि सालाना करीब 3,988 करोड़ रुपए होगी। कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से कोई कमी नहीं रखी जा रही है।
- मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना कामयाब रही: CM ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना कामयाब रही है। इसके तहत करीब 2 हजार लोग यात्रा कर रहे हैं। कोई सालासर जा रहा है, तो कोई वृंदावन और कोई दरबार साहिब में माथा टेकने जा रहा है।
- हमने कभी यह नहीं कहा खजाना खाली है: मान ने कहा कि सरकार को सत्ता में आए पौने पांच साल हो चुके हैं, लेकिन हमने कभी यह नहीं कहा खजाना खाली है। इससे पहले की सरकारों में मंत्री रहे कुछ नेता लगातार खजाना खाली होने की बात कहते रहते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे मंत्रियों को ‘पीपा मंत्री’ कहा जाता था।








