भारत की तरफ से विराट कोहली ने 74 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान शुबमन गिल ने 37 रन बनाए। वहीं, अंशुल कंबोज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 10 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके स्पेल में 2 मेडन ओवर्स भी रहें।
अंशुल ने कहा- मुझे लगता है कि सबसे अहम बात लगातार सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना था। हमारा मुख्य प्लान सही लेंथ पर गेंदबाजी करने का था। ‘वबल सीम’ अच्छे से काम कर रही थी और मैं बस उसी का इस्तेमाल कर रहा था। मुझे विकेट से अच्छा बाउंस भी मिल रहा था। सब कुछ लेंथ पर निर्भर करता है और उसी पर फोकस करना जरूरी है।
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत के तेज गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए न्यूजीलैंड की पारी को 40.5 ओवर में 185 रन पर समेट दिया। वहीं, भारतीय पारी में बारिश के चलते खेल को 32 ओवर्स का कर दिया गया, जिसके चलते डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक भारत को 32 ओवर्स में 143 रन का नया टारगेट मिला था, जिसे भारतीय बल्लेबाजों ने आसानी से चेज कर लिया
गिल बोले- गेंदबाजी और फील्डिंग रही शानदार, रोहित भाई के रन आउट ने बदला मैच का रुख
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गेंदबाजी और फील्डिंग दोनों मोर्चों पर भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोहित शर्मा के रन आउट ने मैच का रुख बदल दिया। गिल ने कहा- हमने गेंद और फील्डिंग दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया। रोहित भाई के रन आउट ने मैच का मोमेंटम बदल दिया। कुल मिलाकर यह टीम का शानदार प्रदर्शन रहा।
गिल ने युवा गेंदबाजों अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अंशुल इस तरह की परिस्थितियों के लिए बिल्कुल सही गेंदबाज हैं। वहीं, गुरनूर पुरानी गेंद से भी अतिरिक्त उछाल हासिल कर सकते हैं। दोनों ने जिस तरह गेंदबाजी की, वह शानदार था।
गिल के मुताबिक, बारिश के बाद गेंद तेजी से निकल रही थी और उसमें अतिरिक्त तेजी भी थी। उन्होंने विराट कोहली की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि विराट भाई ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे टीम के लिए लक्ष्य हासिल करना आसान हो गया। अब टीम का ध्यान लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर है।
सैंटनर ने कहा- पिच के हिसाब से खुद को ढाल नहीं सके
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने हार के बाद माना कि उनकी टीम ईडन पार्क की परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालने में नाकाम रही। उन्होंने कहा कि पिच पर उम्मीद के मुताबिक तेजी थी, लेकिन बल्लेबाज उछाल का सही तरीके से सामना नहीं कर सके।
सैंटनर ने कहा- मुझे लगता है कि पिच थोड़ी तेज थी। ईडन पार्क में हमें ऐसी परिस्थितियों की उम्मीद रहती है, लेकिन हम शायद उसके मुताबिक खुद को ढाल नहीं पाए। जब आप उछाल के साथ तालमेल नहीं बैठा पाते तो बल्लेबाजी मुश्किल हो जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि बारिश के बाद गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी थी और तेजी से निकल रही थी। सैंटनर ने भारतीय तेज गेंदबाजों को जीत का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि मैच के आखिरी हिस्से में उनकी टीम को कुछ सकारात्मक चीजें देखने को मिली हैं, जिन्हें वेलिंगटन में होने वाले अगले मुकाबले में आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
न्यूजीलैंड की बैटिंग फ्लॉप रहीं
इससे पहले न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी ने खराब प्रदर्शन किया। कोई बैटर अर्धशतक नहीं लगा पाया। उनकी तरफ से सबसे ज्यादा 38 रन टिम साइफर्ट ने बनाए। जबकि डेरिल मिचेल 28 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन बनाए। न्यूजीलैंड पारी के आखिरी ओवर्स में ब्लेयर टिकनर ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 34 रन बनाए। वहीं, कीवी टीम की ओर से कोई बैटर अर्धशतक नहीं लगा पाया।
भारतीय गेंदबाजों का कहर
तेज गेंदबाजी की मददगार पिच को देखते हुए कप्तान शुबमन गिल ने 4 प्रमुख तेज गेंदबाजों को खिलाने का फैसला किया। मैच में अर्शदीप सिंह, आकिब नबी, गुरनूर बरार और अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी की। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। गुरनूर बरार ने 3 विकेट लिए। जबकि अंशुल कंबोज को 2 विकेट मिले। हालांकि आकिब नबी विकेट हासिल करने में असफल रहे।








