जालंधर में कानून व्यवस्था पर सवाल, 90 हजार की लूट के बाद कार्रवाई की जगह पुलिस में अधिकार क्षेत्र की बहस

जालंधर– जालंधर के बस्ती बावा खेल नहर के पास बेखौफ लुटेरों ने एक आटा मिल के ड्राइवर पर जानलेवा हमला कर 90 हजार रुपये की नगदी छीन ली। इस घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। इस वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शिकायत मिलने के बाद भी पुलिस कार्रवाई करने के बजाय अधिकार क्षेत्र (हदबंदी) के विवाद में उलझी रही। पुलिस के इस ढुलमुल रवैये से परेशान होकर अब पीड़ित और स्थानीय व्यापारी मामले की शिकायत देने एसएसपी दफ्तर का रुख कर रहे हैं।

बस्ती बावा खेल नहर के पास सामने हुई घटना

यह पूरी घटना जालंधर के नामी सिद्धू फ्लोर मिल की गाड़ी से जुड़ी है। मिल के मालिक गुरबाज सिंह (पुत्र बलजीत सिंह) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर करीब 1 बजे उनकी बोलेरो गाड़ी रूटीन काम से जा रही थी। उसी समय बस्ती बावा खेल नहर के पास सामने से अचानक एक मारुति कार (नंबर PB08H3104) आकर रुकी। इस कार में चार नौजवान सवार थे, जिन्होंने आते ही बोलेरो का रास्ता रोक लिया।

हमलावरो ने बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी

कार से उतरते ही आरोपियों ने बोलेरो के ड्राइवर पर हमला कर दिया और उसकी बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने ड्राइवर को जान से मारने की नीयत से पीटा। जब ड्राइवर खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गया, तो आरोपी गाड़ी के अंदर रखे 90 हजार रुपये की नगदी लेकर तेजी से मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिस से किया संपर्क

घटना के तुरंत बाद जब पीड़ित पक्ष ने पुलिस से संपर्क किया, तो कार्रवाई करने के बजाय पुलिस क्षेत्राधिकार और हदबंदी के फेर में पड़ी रही। पुलिस की इस हीलाहवाली से स्थानीय व्यापारियों में भारी गुस्सा है। व्यापारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail