जालंधर के बिजली संकट पर अकाली दल का सरकार पर हमला : 24 घंटे बिजली देने और संकट हल करने की मांग की

जालंधर- पंजाब में घोषित और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने मोर्चा खोल दिया है। जालंधर में अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार की बिजली नीति के विरोध में चीफ इंजीनियर कार्यालय (शक्ति सदन) के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा।

बिजली कटौती के खिलाफ सड़क पर उतरा अकाली दल

पंजाब सरकार द्वारा राज्य भर में लगाए जा रहे अघोषित बिजली कटों से नाराज होकर शिरोमणि अकाली दल (बादल) जालंधर शहरी इकाई ने जिला अध्यक्ष इकबाल सिंह ढींडसा के नेतृत्व में मुख्य इंजीनियर कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान अकाली कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का पुतला भी फूंका। प्रदर्शन के अंत में मुख्य इंजीनियर सरबजीत सिंह को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

शक्ति सदन के बाहर अकाली दल का प्रदर्शन।
शक्ति सदन के बाहर अकाली दल का प्रदर्शन।

खराब प्रबंधन का नतीजा है बिजली संकट: इकबाल सिंह ढींडसा

सरकार और बिजली विभाग की नाकामी उजागर

ढींडसा ने आरोप लगाया कि यह बिजली संकट कोई अचानक आई समस्या नहीं है, बल्कि पंजाब सरकार और बिजली विभाग की ढुलमुल नीति का परिणाम है। आप सरकार बिजली की कमी को पूरा करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और योजनाएं बनाने में पूरी तरह से विफल रही है। चुनाव से पहले 24 घंटे बिजली देने का दावा करने वाले आप नेता अब बिजली आपूर्ति देने में असमर्थ साबित हो रहे हैं।

शिरोमणि अकाली दल की चेतावनी

अकाली नेताओं ने मांग की कि भगवंत मान सरकार इस गंभीर बिजली संकट का तुरंत समाधान करे और राज्य में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली की समस्या को जल्द हल नहीं किया गया, तो अकाली दल एक बड़ा और उग्र संघर्ष शुरू करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मनिंदरपाल सिंह गुंबर (जनरल सचिव), अमृत बीर सिंह, एडवोकेट विनोद कौल, सुरजीत सिंह, रविंदर सिंह स्वीटी, साहिब सिंह ढिल्लों, मनीष गिल, बीबी रीटा कौर और जसविंदर कौर कंबोज सहित कई प्रमुख अकाली नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail