जालंधर में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल हुई है। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने इलाके में विशेष नाकेबंदी कर रखी थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में 1 किलो अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस ने मुख्य आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान बाबू लाभ सिंह नगर निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस हिरासत में जब शुभम शर्मा से कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने अपने अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में से एक कपूरथला का रहने वाला है।
पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो अफीम, 5 हजार प्रेगालिन की गोलियां, 3 हजार अन्य नशीली गोलियां और 22 हजार रुपये की ड्रग मनी (नगदी) बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की उम्र 24 से 25 वर्ष के बीच है।
आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज
मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती पूछताछ से पता चला है कि आरोपी नशीली गोलियों और अफीम की यह बड़ी खेप किसी दूसरे राज्य से तस्करी करके पंजाब लाए थे।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना नंबर 5 की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पूछताछ में इस बात का पता लगाया जाएगा कि वे यह नशा किससे खरीदते थे और शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाले थे। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से पूछताछ के बाद कई और बड़े नशा तस्करों के नामों का पर्दाफाश हो सकता है।









