जालंधर– पंजाब के संगरूर में अनुसूचित जाति (SC) समुदाय के युवक की मौत मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने पंजाब पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा (पंजाब) के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक शीतल अंगुराल की शिकायत पर आयोग ने मामले का संज्ञान लिया। मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संगरूर के डिप्टी कमिश्नर (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को आधिकारिक नोटिस जारी कर 15 दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
आयोग ने अपने नोटिस में पुलिस कार्रवाई, दर्ज FIR, लगाई गई धाराओं, आरोपियों की गिरफ्तारी, चार्जशीट की स्थिति और पीड़ित परिवार को मिलने वाले मुआवजे को लेकर स्पष्ट जानकारी मांगी है। आयोग ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा के अंदर जवाब दाखिल नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया जाएगा।

फैसले का शीतल अंगुराल ने किया स्वागत
शीतल अंगुराल ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए आयोग के चेयरमैन किशोर मकवाना की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगरूर में दलित युवक की मौत की यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ न होकर अन्याय के विरुद्ध है और वे पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाकर रहेंगे।









