अमृतसर में पुलिसकर्मी की हत्या से हड़कंप: नाइट ड्यूटी पर तैनात ASI को बाइक सवारों ने मारी गोलियां ; आतंकी संगठन TTH ने जिम्मेदारी ली

अमृतसर-  अमृतसर में एक एएसआई की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई गुरुवार रात करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं।

गोली लगने से एएसआई हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) ने ली है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की।

उधर, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एएसआई की हत्या पर दुख जताया और परिवार को 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा- अमृतसर में अपनी ड्यूटी निभाते हुए शहादत पाने वाले सहायक थानेदार हरजीत सिंह जी की बहादुरी को दिल से सलाम। उनकी अदम्य हिम्मत और ड्यूटी के प्रति पूर्ण समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने एएसआई को गोली मारे जाने के बाद का वीडियो शेयर किया है। इनसेट में हरजीत सिंह की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने एएसआई को गोली मारे जाने के बाद का वीडियो शेयर किया है। इनसेट में हरजीत सिंह की फाइल फोटो।

थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह की फाइल फोटो।
थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह की फाइल फोटो।

जानिए पूरा मामला…

  • रात 2:30 बजे दाना मंडी में थे तैनातः हरजीत सिंह तरनतारन के रहने वाले थे और गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में तैनात थे। गुरुवार रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच वह दाना मंडी इलाके में पुलिस ड्यूटी पर थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और फायरिंग कर फरार हो गए।
  • गोलियां लगने के बाद अस्पताल पहुंचाया, मौतः फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल हरजीत सिंह को तुरंत अमनदीप अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत नहीं संभल सकी और उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • TTH द्वारा पोस्ट कर जिम्मेदारी ली गईः हमले के बाद तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के संगठन की ओर से इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया। इससे पहले भी इसी नाम के संगठन ने अमृतसर के अजनाला इलाके में 11 सितंबर को ASI जसवंत सिंह पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इन दावों की भी जांच कर रही हैं।
एएसआई हरजीत सिंह का शव।
एएसआई हरजीत सिंह का शव।

CM मान बोले-शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़े

घटना के बाद सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। सम्मान स्वरूप सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपए की एक्स-ग्रेशिया राशि और HDFC बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपए का चेक शहीद के परिवार को दिया जाएगा।

इससे पहले ASI जोग सिंह की हत्या, जसवंत सिंह पर हमला

अमृतसर में इससे पहले भी पुलिसकर्मियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। मजीठा क्षेत्र में कुछ महीने पहले ASI जोग सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद 11 सितंबर की रात अजनाला क्षेत्र में ASI जसवंत सिंह पर हमला हुआ, जिसमें वह बच गए। वो खुद बाइक चलाकर थाने पहुंच गए थे। जसवंत सिंह पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी TTH नाम के संगठन ने लेने का दावा किया था।

CCTV और हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब हमलावरों की पहचान और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail