लाइसेंसी हथियार से फायरिंग पड़ी भारी: वायरल वीडियो के बाद जालंधर पुलिस ने 2 युवकों को दबोचा, लाइसेंस कैंसिलेशन की प्रक्रिया शुरू

जालंधर- जालंधर के बस्तियात इलाके में सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 2 युवकों को राउंडअप किया है। वीडियो में दोनों युवक खुलेआम हवा में गोलियां चलाते नजर आ रहे थे।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। वायरल वीडियो में अमनी नाम का युवक भी दिखाई दे रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। थाना नंबर 5 की टीम ने इलाके में दबिश देकर दोनों युवकों को काबू किया और उनसे हथियार तथा फायरिंग को लेकर पूछताछ की।

अवैध हथियार नहीं, लाइसेंसी पिस्टल से की फायरिंग

एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस के संज्ञान में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो आया था। इसमें दो युवक हवा में फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्टल लाइसेंसी है। हालांकि लाइसेंसी हथियार होने के बावजूद सार्वजनिक स्थान पर उसका प्रदर्शन करना और उससे हवाई फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है।

पुलिस के अनुसार, युवकों ने फायरिंग का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। पुलिस अब वीडियो के आधार पर फायरिंग की जगह और घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

जालंधर में हवाई फायरिंग करते युवकों का वीडियो वायरल। - Dainik Bhaskar

जालंधर में हवाई फायरिंग करते युवकों का वीडियो वायरल।

लाइसेंस रद्द कराने की तैयारी

एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस उनके हथियार के लाइसेंस की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही लाइसेंसी पिस्टल का लाइसेंस रद्द करवाने के लिए संबंधित विभाग को सिफारिश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail