सर्व पितृ अमावस्या और शनैश्चरी अमावस्या का महासंयोग, सिद्ध मां बगलामुखी धाम में होगा अलौकिक हवन यज्ञ

जालंधर : गुलमोहर सिटी, लम्मा पिंड चौक के नजदीक स्थित सिद्ध मां बगलामुखी धाम में 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को सर्व पितृ अमावस्या एवं शनैश्चरी अमावस्या के पावन महासंयोग के अवसर पर अलौकिक हवन यज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव से किया जाएगा। धाम की ओर से मां भक्तों को परिवार सहित इस दिव्य आयोजन में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया गया है।

  • पितरों के स्मरण के साथ श्री शनिदेव की आराधना का विशेष अवसर: शाम 7 से रात 9 बजे तक चलेगा धार्मिक आयोजन

  • पितृ स्मरण और आध्यात्मिक ऊर्जा से जुडऩे का विशेष अवसर-नवजीत भारद्वाज

धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज ने बताया कि अमावस्या के इस विशेष अवसर पर होने वाले अलौकिक हवन यज्ञ में श्रद्धालु विधिवत आहुति अर्पित कर श्री शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ अपने पितरों का स्मरण एवं नमन करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सर्व पितृ अमावस्या पितरों के तर्पण, श्राद्ध, स्मरण और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना के लिए विशेष महत्व रखती है। वहीं शनिवार को अमावस्या होने के कारण इसे शनैश्चरी अमावस्या के रूप में भी विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है।

नवजीत भारद्वाज ने कहा कि यह पावन अवसर श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, साधना, पितृ स्मरण और आध्यात्मिक ऊर्जा से जुडऩे का विशेष अवसर है। अलौकिक हवन यज्ञ का शुभारंभ शाम 7 बजे होगा और रात 9 बजे पूर्णाहुति के साथ यज्ञ संपन्न किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर-भंडारे की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। धाम के समूह सेवादारों द्वारा आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। धाम की ओर से मां भक्तों से अपील की गई कि वे परिवार सहित इस पावन अवसर पर पहुंचकर हवन यज्ञ में आहुति अर्पित करें, श्री शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करें और अपने पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail