कल से पंजाब दौरे पर सचिन पायलट: 5 दिन में 11 जिलों का करेंगे दौरा, गैंगस्टर हिंसा के पीड़ितों से मिलेंगे

जालंधर– अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट 16 से 20 अक्टूबर तक पांच दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। इस दौरान गैंगस्टर हिंसा और बिगड़ी कानून-व्यवस्था के कारण अपनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात करेंगे।

पायलट के इस दौरे का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा जानना और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर उनसे बातचीत करना है। दौरे के दौरान वह पंजाब के विभिन्न जिलों में जाएंगे।

इन जिलों का करेंगे दौरा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सचिन पायलट मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर का दौरा करेंगे। इन जिलों में वह गैंगस्टर हिंसा के शिकार लोगों के परिजनों से मिलेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी

पायलट का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पंजाब में गैंगस्टर गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। कांग्रेस की ओर से इस दौरे के जरिए प्रभावित परिवारों से संवाद करने और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी है। हालांकि, दौरे के दौरान होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों का विस्तृत ब्योरा अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail