पार्कों में चाय पर चर्चा करेंगे कांग्रेस नेता : रवीश राज ने लगाया स्टॉल, ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ नारे से प्रभावित

जालंधर– जालंधर में कांग्रेस नेता और ब्राह्मण वेलफेयर बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर रवीश राज शर्मा ने ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ अभियान शुरू किया है। सोमवार को डीसी ऑफिस के सामने स्टॉल लगाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की गई। अभियान के तहत कांग्रेस नेता हर रविवार पार्कों में लोगों से चाय पर चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। पार्कों में लोगों से संवाद की शुरुआत 25 अक्टूबर से होगी।

शर्मा ने बताया कि यह पहल राहुल गांधी के विचार से प्रेरित है। उन्होंने इसकी रूपरेखा पंजाब कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव, सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के सामने रखी थी। वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद अभियान शुरू किया गया।

जालंधर में डीसी ऑफिस के सामने लगा स्टॉल। - Dainik Bhaskarजालंधर में डीसी ऑफिस के सामने लगा स्टॉल।

प्रशासन पर लगाए आरोप

शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस का इस्तेमाल जनता की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है। अपने अधिकारों और संविधान के लिए आवाज उठाने वालों पर सख्ती की जाती है। उन्होंने कहा कि इसी माहौल में डीसी ऑफिस के सामने स्टॉल लगाकर मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देने की पहल की गई  है।

हर रविवार सुबह 6 से 7 बजे तक होगी चर्चा

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत हर रविवार सुबह 6 से 7 बजे तक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग पार्कों में लोगों से मिलेंगे। इस दौरान बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं के विचार सुनने के साथ उनकी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम निशुल्क होंगे।

लोगों से मिले सुझाव कांग्रेस की घोषणापत्र समिति तक पहुंचाएंगे

शर्मा के मुताबिक, लोगों से मिले सुझाव कांग्रेस की घोषणापत्र समिति तक पहुंचाए जाएंगे, जबकि स्थानीय समस्याओं के समाधान का प्रयास भी होगा। फिलहाल अभियान जालंधर से शुरू किया गया है, जिसे आगे पंजाब के अन्य जिलों में ले जाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail