पंजाब विधानसभा में भारी हंगामा: सुखपाल खैहरा पूरे सत्र के लिए सस्पेंड; चीमा बोले- ‘परगट सिंह चिट्टा पार्टी के मेंबर’

चंडीगढ़– पंजाब विधानसभा के स्पेशल सेशन के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हो गया। गले में काले कपड़े डालकर सदन में पहुंचे कांग्रेस विधायकों ने मांग की कि पहले राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो। स्पीकर कुलतार संधवां ने कहा कि इस पर बात करेंगे लेकिन उन्होंने प्रश्नकाल शुरू कर दिया। इससे कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

इस पर वित्तमंत्री हरपाल चीमा सीट से खड़े हो गए। उन्होंने कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को टारगेट करते हुए कहा कि मिस्टर परगट सिंह, यू आर द मेंबर ऑफ चिट्‌टा पार्टी। आप पंजाब में चिट्‌टे का नशा फैलाने वाली पार्टी के मेंबर रहे हो। तलवंडी साबो स्थित तख्त दमदमा साहिब पर नशा खत्म करने की झूटी कसम खाई।

चीमा ने कहा कि कांग्रेस के राज में पंजाब और सिख समुदाय को बहुत कष्ट झेलने पड़े। 1984 के सिख विरोधी दंगों में दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सिखों के गले में टायर टांगकर उन्हें जलाया गया था।

कांग्रेस के MLA सुखपाल सिंह खैहरा को सेशन के बाकी रहते समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। चीमा ने कहा कि खैहरा ने सदन की मर्यादा भंग की। खैहरा ने इसके जवाब में कहा कि अगर पंजाब के मुद्दे उठाना गुनाह है तो भी मैं ये मुद्दे उठाता रहूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail