दिवाली से पहले पंजाब आएंगे राहुल गांधी, संगरूर से मिशन-2027 का आगाज!

जालंधर– कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी दिवाली से पहले पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि राहुल गांधी 4 नवंबर को पंजाब के संगरूर जिले का दौरा करेंगे। यह दौरा पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।

उन्होंने कहा कि मालवा की धरती से चुनावी अभियान को नई दिशा और गति देने के साथ पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिशन-2027 के लिए पूरी तरह तैयार रहने का संदेश दिया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले राहुल गांधी की सितंबर महीने में ही पंजाब आने की चर्चाएं थीं, लेकिन सुरक्षा और पार्टी में गुटबाजी पीक पर होने के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया।

पंजाब कांग्रेस प्रधान ने ये बातें कहीं

  • संगरूर से चुनावी अभियान बढ़ाना रणनीति का हिस्सा: परगट सिंह ने कहा कि मालवा पंजाब की राजनीति में अहम स्थान रखता है और इस क्षेत्र की विधानसभा सीटें चुनाव परिणामों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संगरूर से चुनावी अभियान को आगे बढ़ाना पंजाब कांग्रेस की रणनीति का अहम हिस्सा होगा।
  • राहुल गांधी का दौरा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगा: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। उनके अनुसार, राहुल गांधी का दौरा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने के लिए प्रेरित करेगा।
  • जनता के मुद्दों पर अभियान आगे बढ़ेगा: परगट सिंह ने कहा कि पंजाब कांग्रेस मिशन-2027 को ध्यान में रखते हुए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर अपना अभियान आगे बढ़ाएगी और पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल मजबूत किया जाएगा। 4 नवंबर को संगरूर में होने वाला कार्यक्रम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail