छावनी के मुख्य यार्ड कुक्कड़ पिंड मंडी पहुंचे परगट सिंह ने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर हर जगह महज एक ही सेलर तय किया गया है, जबकि नियमानुसार दो-दो एजेंसियां होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सैलरों के साथ सीधा सौदा कर लिया है और प्रति कट्टा 200 रुपये तक की कटौती की जा रही है। इस हिसाब से पूरे पंजाब में किसानों व आढ़तियों से करीब 1,000 करोड़ रुपये की लूट की जा रही है।
मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “पूरा पंजाब और राज्य के कर्मचारी आज सड़कों पर हैं। फसल अच्छी होने के बावजूद सरकार ने कोई अग्रिम प्रबंधन नहीं किया। अगर सीएम के पल्ले कुछ नहीं है, तो उन्हें कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले भगवंत मान के साथ केजरीवाल की फोटो लगती थी, लेकिन अब ‘लाला जी’ लूट-खसूट करके भाग चुके हैं और अब इसका खामियाजा भगवंत मान एंड कंपनी को भुगतना पड़ेगा।


परविंदर झोटा हत्याकांड और ड्रग्स मुद्दे पर घेरा
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड का जिक्र करते हुए परगट सिंह ने झोटा के पिता की हिम्मत को सलाम किया। उन्होंने पुलिस और सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि 5 आपराधिक मामलों वाले व्यक्ति को तीन महीने के भीतर आर्म्स लाइसेंस दे दिया गया। हत्या के सात-आठ दिन बाद इलाके के 10 मेडिकल लाइसेंस रद्द करना यह साबित करता है कि सरकार की शह पर मेडिकल नशा बिक रहा था और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पूरी तरह विफल रहे हैं।
विधानसभा सत्र और अमित शाह पर साधा निशाना
विधानसभा सत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष का सामना करने से डरती है, इसलिए विपक्ष को बोलने तक का मौका नहीं दिया गया। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘पंजाब में एनडीए सरकार बनने’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए परगट सिंह ने कहा कि 8 साल से गृह मंत्री रहने के बावजूद शाह को पंजाब में ड्रग्स और कानून-व्यवस्था की जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं है। उन्होंने अकाली दल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सुखबीर बादल ने कृषि कानूनों का समर्थन कर 750 किसानों की शहादत में भूमिका निभाई थी।









