सोमवार शाम आरोपी अपने दोनों बच्चों को टेंपो ट्रैवलर में लेकर ससुराल पहुंचा। वहां उसने गली में खड़े होकर ससुरालियों को गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर उसने अपनी सास हरभजन कौर और पड़ोसी काका गुज्जर पर गाड़ी चढ़ा दी।
हादसे में सास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि काका की टांग से पैर अलग हो गया। उनका लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया है। अब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गाड़ी से सास को कुचलता दिखाई दे रहा है।


कत्ल की वजह
- 5 साल पहले शादी, दो बच्चे: होशियारपुर के फोकल पॉइंट पुरहीरां थाने के एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी बलजीत सिंह की शादी 5 साल पहले न्यू दीप नगर की रहने वाली रशपाल कौर से हुई। बलजीत पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। परिवार के अनुसार वह शराब पीने का आदी है। घर का खर्च न देने और डेली शराब पीने के चलते पति-पत्नी में विवाद रहता था, जो कत्ल की वजह बना।
- बच्चों को छोड़ मायके आई पत्नी: करीब 5 महीने पहले पत्नी रशपाल कौर पति बलजीत सिंह के साथ झगड़ा करके मायके घर न्यू दीप नगर आ गई। वह अपने दोनों बच्चों बेटा-बेटी को भी पति के पास ही छोड़ गई। अब पत्नी घर न लौटने की जिद्द पर अड़ी थी, जिसके चलते पति उसे लेने के लिए सोमवार को ससुराल में बच्चों सहित पहुंच गया।
- गालियां निकालीं, विवाद बढ़ा: पत्नी राजी नहीं हुई तो उसने गली में खड़े होकर ससुराल वालों को गालियां निकालनी शुरू कर दीं। इसका विरोध करने के लिए घर से बाहर उसकी सार हरभजन कौर निकली और उसे यहां से चले जाने के लिए कहा। गालियां सुनकर पड़ोस में रहने वाला काका गुज्जर भी बाहर आ गया और आरोपी को वहां से भगा दिया।

- गली में बातें कर रहे थे सास-पड़ोसी: आरोपी को वहां से चले जाने का कहने के बाद वह बच्चों समेत गाड़ी में बैठा और वहां से चला गया। पड़ोसी काका गुज्ज्जर और सास ने सोचा कि वह सच में चला गया होगा। इसके बाद वह गली की तरफ पीठ कर बातें करने लगे। इस दौरान मौका पाते ही आरोपी बलजीत सिंह फिर से आया और फुल स्पीड में गाड़ी सास और काका गुज्जर पर चढ़ा दी।
- लोगों ने सास-पड़ोसी को अस्पताल पहुंचाया: घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से गाड़ी को भगाकर ले गया। इसके बाद लोगों ने जख्मी सास और पड़ोसी को सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि काका की सीरियस कंडिशन देखे उसे DMC लुधियाना रेफर कर दिया।

दोनों बच्चों को बीच रास्ते में उतारा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बलजीत सिंह अपने दोनों बच्चों को कुछ दूर जाने के बाद बीच रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुरहीरां की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाईं
थाना पुरहीरां के SHO राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी बलजीत सिंह के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।








