उन्होंने चयनित उम्मीदवारों की पूरी सूची सार्वजनिक करने और मामले की CBI जांच करवाने की मांग की। जाखड़ ने कहा कि PCS परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार केवल सफल अभ्यर्थियों की जानकारी मांग रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि किन लोगों का चयन हुआ है और उनके पीछे किसकी सिफारिश थी।


उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सूची सार्वजनिक करने से बच रही है। जाखड़ ने कहा, ”इस मामले में दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है। इसमें से घिनौनी बदबू आ रही है।”
केजरीवाल पर साधा निशाना, धरने को बताया ड्रामा
जाखड़ ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में छात्रों के लिए सड़क पर लेटकर धरना देने का ड्रामा करते हैं, लेकिन पंजाब में विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इतने बड़े विवाद पर चुप्पी साधे हुए हैं। जाखड़ ने कहा कि केजरीवाल को पहले दिल्ली में धरने से उठाकर ले जाना पड़ा था और अब वह इस मामले में कुछ नहीं बोल रहे।
रोल नंबरों के लगातार क्रम पर उठाए सवाल
जाखड़ ने कहा कि परीक्षा परिणाम में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि कुछ परीक्षा केंद्रों में एक ही कमरे में बैठे उम्मीदवारों में से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
उन्होंने रोल नंबरों के लगातार क्रम में चयनित होने पर भी सवाल उठाए। जाखड़ के मुताबिक, एक से लेकर 10 तक लगातार रोल नंबर वाले उम्मीदवारों का पास होना जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि UPSC जैसी परीक्षाओं में भी इस तरह लगातार क्रम में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के सफल होने की घटनाओं की जांच की जाती है।
चेयरमैन से मिलने के बाद भी नहीं मिला जवाब
जाखड़ ने कहा कि अभ्यर्थी चयनित उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले उम्मीदवार PPSC के चेयरमैन से भी मिले थे, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। जाखड़ ने कहा कि सरकार सूची जारी कर दे, जिससे यह साफ हो सके कि लगातार रोल नंबरों में कितने उम्मीदवार सफल हुए हैं और उनकी पृष्ठभूमि क्या है।
मंत्रियों के नाम आने का भी किया दावा
जाखड़ ने आरोप लगाया कि इस मामले में सरकार के कई मंत्रियों के नाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारी भुल्लर का जिक्र करते हुए उनके बेटे और बहू के खेल कोटे के तहत टेस्ट पास करने तथा उन्हें 10-10 अतिरिक्त ग्रेस अंक मिलने का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों की सूची सामने आने से पंजाबी भाषा की परीक्षा और प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों की भी पड़ताल हो सकेगी। जाखड़ ने सरकार से इन सभी सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
क्या है PCS परीक्षा का पूरा मामला?
पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (PPSC) ने PCS मेन्स परीक्षा-2025 का परिणाम 4 नवंबर को घोषित किया था। इसमें 331 पदों के मुकाबले 751 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए। उनका दावा है कि कुछ परीक्षा कमरों में बैठे 24 उम्मीदवारों में से 10 से 11 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए सफल घोषित हुए।
इसके अलावा 86 उम्मीदवारों के रोल नंबर तीन से चार के समूह में लगातार आने पर भी सवाल उठाए गए। कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों के रोल नंबर सफल उम्मीदवारों की सूची में शामिल होने का आरोप भी लगाया।
PPSC ने आरोपों को किया खारिज
विवाद के बीच PPSC ने परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता होने से इनकार किया है। आयोग के मुताबिक, मेन्स परीक्षा में कुल 3,959 उम्मीदवार शामिल हुए थे और इनमें से 751 को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अनुपस्थित उम्मीदवार को सफल घोषित नहीं किया गया।
CBI जांच और दोबारा परीक्षा की मांग
अभ्यर्थियों की मांग है कि चयनित उम्मीदवारों की पूरी सूची सार्वजनिक की जाए और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। इसके साथ ही परीक्षा रद्द कर दोबारा करवाने और पूरे मामले की CBI से जांच कराने की मांग भी उठाई जा रही है। भाजपा ने भी सरकार से सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर युवाओं के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देने को कहा है।









