पंजाब के 24 लाख बिजली उपभोक्ताओं की बल्ले-बल्ले! बकाया बिलों पर ब्याज और जुर्माना माफ, OTS योजना से मिलेगी बड़ी राहत

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत देते हुए बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना लागू करने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से उन लाखों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक परेशानियों के चलते लंबे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर पाए थे।

योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के लंबित बिजली बिलों पर लगने वाला ब्याज और जुर्माना पूरी तरह माफ करने का प्रावधान किया गया है। यानी उपभोक्ताओं को अब बकाया बिल की केवल मूल राशि ही चुकानी होगी।

सरकार ने भुगतान को आसान बनाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत उपभोक्ताओं को कुल मूल बकाया राशि का केवल 25 प्रतिशत हिस्सा शुरुआत में जमा करवाना होगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत राशि अगले एक वर्ष के भीतर दो आसान किस्तों में जमा करवाई जा सकेगी।

इस योजना से पंजाब के 24 लाख से अधिक घरेलू परिवारों को लगभग 518 करोड़ रुपये का सीधा आर्थिक लाभ मिलने का दावा किया गया है। इतना ही नहीं, बकाया बिलों का भुगतान न होने के कारण जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए थे, उन्हें भी दोबारा कनेक्शन बहाल करवाने का अवसर मिलेगा।

सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य आम परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत देना और उन्हें दोबारा बिजली सुविधा से जोड़ना है। सरकार के इस फैसले को घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail