
शमशान घाट के लिए 50 लाख रुपए दिये
दरअसल, यह पूरा मामला राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल की एक बड़ी घोषणा के बाद शुरू हुआ है। उन्होंने अपने एमपी लैंड फंड से शिवपुरी के विकास के लिए 50 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। डॉ. मित्तल का कहना है कि सड़कों और मंदिरों के साथ-साथ श्मशान घाटों में भी अच्छी सुविधाएं होना बहुत जरूरी है।
उनका मानना है कि अंतिम संस्कार के समय परिवार पहले ही गहरे दुख में होता है। ऐसे में वहां बैठने की जगह, पीने का साफ पानी, शौचालय और धूप-बारिश से बचने के लिए शेड जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इस घोषणा का नितिन कोहली ने स्वागत किया है और कहा है कि इससे दुख की घड़ी में आने वाले परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
दूसरी तरफ, स्थानीय पार्षद गुरबिंदर बंटी ने इस योजना पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि श्मशान घाट में रस्म पगड़ी के लिए अलग हॉल बनाने की योजना के बारे में न तो उन्हें बताया गया और न ही आसपास के लोगों से कोई सलाह ली गई।
पार्षद बंटी ने समस्या को किया उजागर
बंटी ने चिंता जताई कि इस इलाके में पहले से ही पार्किंग की बहुत बड़ी समस्या है। अगर वहां रस्म पगड़ी का कार्यक्रम और अंतिम संस्कार एक साथ होगा, तो भारी भीड़ और गाड़ियों के कारण स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने श्मशान घाट के पिछले हिस्से में बनी हनुमान जी की मूर्ति और उसके पीछे स्थित बाथरूम की व्यवस्था को भी सुधारने की मांग की है।
जिमी कालिया ने किया पलटवार
पार्षद के इन सवालों और आरोपों पर शिवपुरी कमेटी के प्रधान जिमी कालिया ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कमेटी के कामकाज और पैसों के लेन-देन में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार से साफ इनकार किया है।









