जालंधर– जालंधर के नूरपुर अड्डे के पास हुए एक सड़क हादसे के बाद अस्पताल परिसर में भारी हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जिस गाड़ी (छोटा हाथी) से उनकी कार की टक्कर हुई थी, उसके मालिक ने करीब 25 साथियों के साथ मिलकर अस्पताल के बाहर उन पर हमला कर दिया।
पूरी घटना जालंधर के नूरपुर गांव के अड्डे के पास शुरू हुई। पीड़ित महिला ने बताया कि उनकी मां और भाई अपनी कार से घर से मिलकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नूरपुर के पास एक ‘छोटा हाथी’ (कमर्शियल वाहन, नंबर PB 08 FZ 3087) ने बिना कोई इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ दी, जिससे उनकी कार की टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही महिला और उनके पति तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दुर्घटना में उनकी मां को चोटें आई थीं, जिसके बाद वे उन्हें इलाज के लिए ‘गुरु नानक मिशन अस्पताल’ ले गए। मौके पर मौजूद गाड़ी के ड्राइवर ने पीड़ित परिवार को अपने मालिक का फोन नंबर दिया था। जब महिला के पति ने फोन पर गाड़ी के मालिक से बात की, तो उसने उनकी लोकेशन पूछी।

पीड़ित के साथ आरोपी ने मारपीट की
पीड़ित परिवार के मुताबिक, जब वे अस्पताल में अपनी मां का एक्स-रे करवाकर बाहर निकल ही रहे थे, तभी गाड़ी का मालिक करीब 25 लोगों के साथ वहां आ गया। आरोप है कि उन लोगों ने अस्पताल के गेट के पास महिला के पति के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
हमलावर नशे की हालत खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे थे
महिला मंजू बाला ने आरोप लगाया कि हमलावर नशे की हालत में थे और खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे थे। उन्होंने पीड़ित परिवार को धमकाते हुए कहा कि वे किसी से नहीं डरते और वे गुंडे हैं, जो करना है कर लो। इसके बाद पीड़ित परिवार अपनी घायल मां को लेकर जालंधर के सिविल अस्पताल पहुंचा और मेडिकल करवाकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी गुंडागर्दी पर सख्त लगाम लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।









