कर्मचारियों में दिखा सरकार के खिलाफ गुस्सा।
जालंधर के सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर जुटे नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे आम आदमी पार्टी के चुनावी वादों से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सत्ता में आने से पहले उन्हें नियमित करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब सरकार अपना वादा भूल गई है।


सरकार आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही
यूनियन के प्रतिनिधि डॉ. सुमित ने बताया कि सरकार प्रशासन के जरिए आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। कुछ दिन पहले जालंधर के डीसी के माध्यम से एक पत्र जारी कर धारा लागू होने का हवाला दिया गया, ताकि 500 से अधिक लोग इकट्ठा न हो सकें और न ही कोई नारेबाजी कर सके।
डॉ. सुमित ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अब कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर भी विरोध दर्ज कराने से रोक रही है। कल से ‘NHM समूह पंजाब’ यूनियन का मुख्य सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिया गया है। इसके अलावा जो भी कर्मचारी कमेंट्स के जरिए अपनी बात रख रहा था, उनके अकाउंट भी बंद करवा दिए गए हैं।
कोई ठोस नतीजा नहीं निकला
चंडीगढ़ में होने वाली अहम बैठक को लेकर कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि अब तक करीब 50 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। कर्मचारियों को आशंका है कि सरकार ‘रेगुलर पॉलिसी’ बनाने के नाम पर सिर्फ समय निकाल रही है।
कर्मचारियों ने मांग की है कि सरकार नियमितीकरण की प्रक्रिया को भले ही जारी रखे, लेकिन तत्काल राहत के तौर पर हर कर्मचारी को वित्तीय सुरक्षा देने के लिए ‘पे-स्केल’ का नोटिफिकेशन तुरंत जारी किया जाए। अगर आज की बैठक में इस पर सहमति नहीं बनी, तो पूरे राज्य में चक्का जाम किया जाएगा।









