जालंधर यूथ कांग्रेस (शहरी) के जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ता सोमवार को चंडीगढ़ में होने वाले राज्य स्तरीय प्रदर्शन में शामिल होंगे। इस दौरान CM भगवंत मान सरकार के खिलाफ अर्थी चक्क (शव यात्रा) निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
यूथ कांग्रेस की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि रोजगार के वादे के साथ सत्ता में आई AAP सरकार पंजाब के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। संगठन ने कहा कि 19 नवंबर 2026 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा PCS और संबद्ध सेवाओं की भर्ती प्रक्रिया पर लगाई गई रोक ने प्रशासनिक नाकामी को उजागर कर दिया है।

पंजाब सरकार की अर्थी निकालने को लेकर जारी पोस्टर।
90 हजार कैंडिडेट का भविष्य दांव पर लगाया
यूथ कांग्रेस का दावा है कि 751 उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग में एक से अधिक रोल नंबर, पात्रता नियमों में बदलाव और पारदर्शिता की कमी जैसी गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं। इससे 90 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब के हकदार युवाओं की अनदेखी कर बाहरी लोगों को समायोजित करने के लिए आयोग की प्रक्रिया में हेरफेर किया जा रहा है।
यूथ कांग्रेस प्रधान को गिरफ्तार करना लोकतंत्र विरोधी
संगठन के मुताबिक, 19 नवंबर को पटियाला स्थित PPSC मुख्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा (शुभी) और अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता ने कहा कि वर्षों से सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था मिलनी चाहिए। नेताओं की गिरफ्तारी से यूथ कांग्रेस युवाओं के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।
डिटेन किए गए यूथ कांग्रेसियों की बिना शर्त रिहाई की मांग
इस प्रदर्शन के जरिए यूथ कांग्रेस ने PPSC भर्ती मामले की स्वतंत्र जांच कराने, गिरफ्तार प्रदेश अध्यक्ष शुभम शर्मा समेत सभी कार्यकर्ताओं की तत्काल बिना शर्त रिहाई और हाईकोर्ट के समक्ष उठाए गए सवालों पर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की है।









