इनमें IAS, IPS और PCS अधिकारी शामिल हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, एजेंसी इन अधिकारियों के भुल्लर के सहयोगी कृष्णु शारदा से कथित संबंधों की जांच कर रही है। शारदा को इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस बीच भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने आप सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसी को इन अधिकारियों के ड्रग्स के कारोबार से संभावित संबंधों की भी जांच करनी चाहिए, क्योंकि भ्रष्ट व्यक्ति किसी भी हद तक गिर सकता है।
जाखड़ ने कहा कि ईडी की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों को समन भेजे जाने से भगवंत मान सरकार में चल रहे कामकाज और व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार की गहराई उजागर हुई है। मैं चुनाव आयोग से भी अपील करता हूं कि ऐसे आरोपों का सामना कर रहे अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की जिम्मेदारी न सौंपी जाए।

इन अधिकारियों को किया तलब
ED ने सभी अधिकारियों को चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रशासनिक सचिव एवं 2000 बैच के IAS अधिकारी कुमार राहुल को सोमवार को बुलाया गया है। फरीदकोट डिवीजन के कमिश्नर के स्टाफ ऑफिसर PCS अधिकारी आनंद सागर शर्मा को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। जनरल एडमिनिस्ट्रेशन एवं कोऑर्डिनेशन विभाग की स्पेशल सेक्रेटरी एवं 2016 बैच की IAS अधिकारी नीरू कात्याल गुप्ता और फाजिल्का के SSP (PPS) गगन अजीत सिंह को 26 नवंबर को बुलाया गया है। वहीं, लुधियाना के पुलिस कमिश्नर एवं 2009 बैच के IPS अधिकारी स्वपन शर्मा को 27 नवंबर को ED कार्यालय में पेश होना है।
दो रिटायर्ड अधिकारियों को भी समन भेजा
ED ने दो रिटायर्ड अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। इनमें 2005 बैच की अधिकारी रहीं गुरप्रीत सपरा को 26 नवंबर और 2004 बैच के अधिकारी रहे अरुण सेखड़ी को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। सपरा जालंधर की कमिश्नर रह चुकी हैं, जबकि सेखड़ी फरीदकोट, फिरोजपुर और जालंधर के डिवीजनल कमिश्नर रह चुके हैं।
दो सीबीआई FIR के आधार पर ED की जांच
ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच भुल्लर और उनके सहयोगियों के खिलाफ दर्ज दो सीबीआई FIR पर आधारित है। इनमें रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप हैं। अक्टूबर 2025 में CBI ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एक मामले को निपटाने के लिए बिचौलिए के जरिए उनसे रिश्वत मांगी गई थी। भुल्लर उस समय रोपड़ रेंज में DIG के पद पर तैनात थे।









