होशियारपुर/ जालंधर-होशियारपुर रोड पर नसराला के पास स्थित इंटरनेशनल ट्रैक्टर (सोनालिका) फैक्ट्री के प्लांट में तेंदुआ घुस गया। इससे प्लांट को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया है। सभी कर्मचारियों को वन विभाग की टीम की मदद से सुरक्षित निकाला गया। तेंदुआ मंगलवार रात को घुसा जिसे फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में देखा गया। CCTV फुटेज में तेंदुआ प्लांट में घूमता हुआ साफ दिख रहा है। कुछ देर घूमने के बाद वह आंखों से ओझल हो गया। इसके बाद से पूरे औद्योगिक और आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल है।
फैक्ट्री के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार आधी रात सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए की हलचल दिखने पर तुरंत वन विभाग और एनिमल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही अलग-अलग विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कर्मचारियों को बाहर निकाला
सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और फिलहाल प्लांट में किसी भी कर्मी को जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। प्रबंधन ने कर्मचारियों को छुट्टी दे दी है और आज सुबह की शिफ्ट भी नहीं लगाई गई है। शिफ्ट खत्म होने और फैक्ट्री बंद होने के कारण होशियारपुर-जालंधर रोड पर रहने वाले लोगों में भी डर बना हुआ है।
वन विभाग की टीम के मुताबिक, सीसीटीवी में एक जगह दिखने के बाद तेंदुए की आगे की मूवमेंट का अभी तक पता नहीं चल पाया है, जिसके चलते सुबह के समय रेस्क्यू अभियान को कुछ देर के लिए रोका गया। हालांकि, एनिमल विभाग और वन विभाग की टीमें लगातार जांच और तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का मानना है कि तेंदुआ संभवतः किसी शिकार के पीछे भागते हुए गलती से फैक्ट्री परिसर में आ गया है।








