अमृतसर में AAP नेता ने सगे भाई को गोलियों से भूना: सिर-छाती में मारीं गोलियां, जीजा को फोन कर दी हत्या की जानकारी

अमृतसर– अमृतसर में पत्नी की पिटाई करने और उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर भड़के आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता ने अपने सगे भाई को गोलियां मार उसकी हत्या कर दी।

सुबह करीब साढ़े 11 बजे हत्या करने के बाद उसने अपने जीजा को फोन किया। उसने जीजा को कहा कि मैंने भाई को मार दिया, उसकी लाश घर में पड़ी है।

इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस पहुंची तो उसकी लाश किचन में पड़ी हुई थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी भाई की तलाश शुरू कर दी है।

AAP नेता ने भाई के सिर और सीने में गोली मारी। उसकी लाश को किचन में छोड़कर वह भाग गया। एक भाई के दूसरे की हत्या की बात सुनकर बहन रो पड़ी। - Dainik Bhaskar

AAP नेता ने भाई के सिर और सीने में गोली मारी। उसकी लाश को किचन में छोड़कर वह भाग गया। एक भाई के दूसरे की हत्या की बात सुनकर बहन रो पड़ी।

सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…

जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों में विवाद

मामला अमृतसर के हलका अटारी में मजीठा रोड स्थित गांव पंडोरी वड़ैच का है। पुलिस के मुताबिक, किरणप्रीत सिंह कैमी और उसके छोटे भाई सिमरदीप सिंह के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले दो साल से विवाद चल रहा था।

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल मामले की जानकारी देते हुए।
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल मामले की जानकारी देते हुए।

सिमरदीप ने भाभी की वीडियो इंटरनेट पर कर दी थी वायरल

SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि मंगलवार सुबह सिमरदीप सिंह ने अपनी भाभी के साथ मारपीट की थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी रंजिश के चलते सुबह करीब 11 बजे आरोपी किरणप्रीत सिंह ने वारदात को अंजाम दिया।

एक गोली सिर, दूसरी छाती में लगी

DSP यादविंदर सिंह के मुताबिक, 10 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे झगड़े के दौरान किरणप्रीत सिंह ने सिमरदीप सिंह पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली उसके सिर और दूसरी छाती के दाईं तरफ लगी। गंभीर चोटों के कारण सिमरदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

जीजा को फोन कर कहा- भाई को गोली मार दी

कम्बो थाने के SI अजय पाल के मुताबिक, वारदात के समय घर में दोनों भाई ही मौजूद थे। गोली मारने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने जीजा को फोन किया और बताया कि उसने सिमरदीप को गोली मार दी है और उसकी लाश घर में पड़ी है।

घर में मौजूद परिजन और मौके पर जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारी।
घर में मौजूद परिजन और मौके पर जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारी।

जीजा ने कंट्रोल रूम में दी सूचना, किचन में मिला शव

आरोपी का फोन आने के बाद उसके जीजा ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस टीम गांव पंडोरी वड़ैच स्थित घर पहुंची तो किचन में सिमरदीप का शव पड़ा मिला। इसके बाद घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।

नशे को लेकर भी घर में विवाद की बात आई सामने

DSP यादविंदर सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच जमीन विवाद के अलावा नशे का सेवन करने और नशा बेचने को लेकर भी घर में विवाद रहने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

आरोपी के घर दरवाजे पर यह पोस्टर लगा है, जिसमें उसने खुद को AAP नेता बताया है।
आरोपी के घर दरवाजे पर यह पोस्टर लगा है, जिसमें उसने खुद को AAP नेता बताया है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

DSP यादविंदर सिंह और SI अजय पाल के मुताबिक, वारदात के बाद से आरोपी किरणप्रीत सिंह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail