आम आदमी की जेब पर महंगाई की मार! अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम

लुधियाना– पंजाब समेत देशभर में अमूल दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। कंपनी ने दूध की विभिन्न वैरायटी के दाम बढ़ाए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं का रसोई बजट प्रभावित होगा।

अमूल की मूल संस्था गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के मुताबिक, पिछले एक साल में हरे और सूखे चारे, मक्का व पशु आहार की कीमतें बढ़ी हैं। इसके अलावा पैकेजिंग सामग्री और ईंधन महंगा होने से परिवहन व सप्लाई का खर्च भी बढ़ गया है। कंपनी के अनुसार, उपभोक्ताओं की ओर से चुकाए गए प्रत्येक रुपये में से करीब 80 पैसे दूध उत्पादक किसानों को मिलते हैं। दूध खरीद की लागत बढ़ने के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के लिए कीमतों में संशोधन किया गया है।

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। दोनों प्रमुख डेयरी कंपनियों के इस फैसले का असर देशभर के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

पंजाब के परिवारों का बढ़ेगा खर्च

पंजाब में बड़ी संख्या में परिवार रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पैकेट वाला दूध खरीदते हैं। ऐसे में कीमतें बढ़ने से चाय, नाश्ते और बच्चों के पोषण पर होने वाला खर्च बढ़ेगा। इसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail