दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल ने मांगी पैरोल: कोर्ट ने सरकार से तलब किया जवाब, कल फिर सुनवाई

​अमृतस​र– खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह खालसा की अंतरिम जमानत याचिका पर गुरुवार को अमृतसर कोर्ट में सुनवाई हुई।अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत ने पंजाब सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए कल तक का समय देते हुए सुनवाई स्थगित कर दी। अब शुक्रवार को सरकार का पक्ष आने के बाद याचिका पर बहस होगी। अमृतपाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।

वकील कर्मवीर सिंह ने बताया कि अमृतपाल की दादी माता चरण कौर का निधन हो गया है। पारिवारिक रस्मों के अनुसार 14 नवंबर को उनका अंतिम संस्कार, 15 नवंबर को अस्थियों का जल प्रवाह और श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा। वहीं, 17 नवंबर को भोग और अंतिम अरदास रखी गई है।

इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह , हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह की ओर से 14 से 17 नवंबर तक मानवीय आधार पर अंतरिम जमानत मांगी गई है। कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक और मानवीय मामला है। ऐसे समय में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी जरूरी है।

पंजाब सरकार जमानत याचिका का कर चुकी विरोध

वकील ने आरोप लगाया कि माता चरण कौर के गंभीर रूप से बीमार होने पर भी पंजाब सरकार ने जमानत याचिका का विरोध किया था। उस समय अदालत ने 10 मिनट की वीडियो कॉल की अनुमति दी, लेकिन प्रशासन ने इसे समय पर नहीं करवाया। उनके मुताबिक, 15 दिन बाद जब माता चरण कौर अचेत हो गईं, तब वीडियो कॉल की बात कही गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमानत नहीं मिलने की स्थिति में अंतिम संस्कार में देरी पर फैसला अदालत के आदेश के बाद ही लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail