बठिंडा के सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न के रेट पर बवाल: हरियाणा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की बेरहमी से पिटाई, हाथ फाड़ा

बठिंडा– बठिंडा में सिनेमा में पॉपकॉर्न के रेट को लेकर विवाद हो गया। परिवार के साथ फिल्म देखने आए सॉफ्टवेयर इंजीनियर और सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न बेचने वाले कर्मचारियों में टकराव हो गया। इस दौरान कर्मचारियों ने लोहे की वस्तु से उस पर हमला कर दिया।

इससे वह घायल हो गया। खून से लथपथ सॉफ्टवेयर इंजीनियर को तुरंत बठिंडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कर्मचारी पहले बहस करते और फिर झगड़ते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक दूसरे को मारने के लिए कुर्सी उठाते भी दिखे।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर कर्मचारियों ने लोहे की वस्तु से वार किया। - Dainik Bhaskarसॉफ्टवेयर इंजीनियर पर कर्मचारियों ने लोहे की वस्तु से वार किया।

सिनेमा हॉल में कर्मचारी से बहस करते सॉफ्टवेयर इंजीनियर।
सिनेमा हॉल में कर्मचारी से बहस करते सॉफ्टवेयर इंजीनियर।

परिवार के साथ फिल्म देखने गया था इंजीनियर

घायल की पहचान हरियाणा के डबवाली के वार्ड नंबर 11 निवासी मेहर मिड्‌ढा के रूप में हुई है। मेहर बेंगलुरु की एक नामी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। वह दिवाली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए 7 नवंबर को ही डबवाली आया था।

10 नवंबर की रात को वह अपने पिता विजय मिड्ढा उर्फ निक्का और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ डूमवाली स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में फिल्म देखने गया था।

बहस के बीच कर्मचारियों ने वहां रखी कुर्सी उठा ली।
बहस के बीच कर्मचारियों ने वहां रखी कुर्सी उठा ली।

पॉपकॉर्न के दाम को लेकर बहस

परिवार के मुताबिक, इंटरवल के दौरान मेहर सिनेमा हॉल के फूड काउंटर पर पॉपकॉर्न लेने गया था। कर्मचारियों ने पॉपकॉर्न का रेट 400 रुपए बताया। इसी को लेकर कर्मचारियों के साथ बहस हो गई। मेहर ने उन्हें कहा पॉपकॉर्न का रेट बहुत ज्यादा है। इस पर कर्मचारियों ने कहा कि यह रेट फिक्स है, इससे कम नहीं मिलेगा। इस पर विवाद बढ़ गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और तैश में आकर किसी लोहे की वस्तु से मेहर पर ताबड़तोड़ हमला कर    दिया। इसके बाद वह फरार हो गए।

हाथ में गहरे जख्म, ज्यादा खून बहने से हालत नाजुक

हमले में मेहर के हाथ में गहरे जख्म आए हैं। परिजनों ने तुरंत मेहर को संभाला और बठिंडा के मैक्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, अधिक खून बह जाने और गहरी चोट के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसे देखते हुए उसे आईसीयू (ICU) में रखा गया है।

आपसे में भिड़ते हुए कर्मचारी और सॉफ्टवेयर इंजीनियर।
आपसे में भिड़ते हुए कर्मचारी और सॉफ्टवेयर इंजीनियर।

पुलिस ने कब्जे में ली डीवीआर

घटना की सूचना मिलते ही बठिंडा जिले की पथराला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पिता विजय मिड्ढा ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पथराला चौकी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि टीम अस्पताल में घायल के बयान दर्ज करने गई थी, लेकिन डॉक्टरों ने फिलहाल उसे अनफिट (बयान देने में असमर्थ) घोषित किया है। पुलिस ने सिनेमा हॉल प्रबंधन से पूछताछ शुरू कर दी है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

चौकी प्रभारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि सिनेमा हॉल के अंदर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और कर्मचारियों के पास तेजधार हथियार या लोहे की वस्तु कैसे पहुंची। घायल के होश में आते ही बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail