
1500 रुपये के लिए बच्चों का भविष्य दांव पर न लगाएं
भीम सिंह ने पंजाब की महिलाओं से अपील की कि वे 1500-1500 रुपये के चक्कर में आकर वोट न करें,बल्कि अपने बच्चों को नशे से बचाने और उनके भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए मतदान करें। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में नशा आम हो गया है और यह पंजाब के युवाओं को खोखला कर रहा है।

झोटा के परिवार को सिरोपा देकर किया सम्मानित
समागम में झोटा के पिता भीम सिंह, माता, पत्नी और दोनों बच्चे विशेष रूप से मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों का तख्त साहिब पहुंचने पर संगत ने भावुक माहौल में साथ दिया। पिता भीम सिंह, माता, पत्नी और दोनों बच्चों ने पहले तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेका और परिवार की ओर से अरदास की। अपने पिता को खो चुके दोनों बच्चों की मौजूदगी ने समागम में पहुंचे लोगों को भावुक कर दिया। परिवार के सदस्यों ने झोटा को याद करते हुए उनके लिए इंसाफ की मांग जारी रखने का संदेश दिया।इसके बाद नए दीवान हॉल में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। रागी जत्थों ने गुरबाणी का शब्द कीर्तन कर संगत को निहाल किया। पाठ के भोग के बाद अरदास की गई। समागम के समापन चरण में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बाबा टेक सिंह ने झोटा के पिता भीम सिंह, उनकी माता, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को सम्मानित किया। इस दौरान परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उनकी हिम्मत और संघर्ष को सम्मान दिया गया।

राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
झोटा की अंतिम अरदास में पंजाब की राजनीति और धार्मिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। इनमें शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के नेता परमिंदर सिंह ढींडसा, मनप्रीत सिंह इयाली, कांग्रेस के पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया, पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह औलख, पूर्व राज्यसभा सांसद बलविंदर सिंह भुंदर, विधायक बीबा बलजिंदर कौर, भाजपा नेता जगदीप सिंह नकई और कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व विधायक हरदेव सिंह अर्शी शामिल रहे।
इसके अलावा वारिस पंजाब दे के नेता नवजोत कौर लंबी, जसकरण सिंह कहन सिंह वाला, भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी के नेता सुरजीत सिंह फूल और सांसद सिमरनजीत सिंह मान भी समागम में पहुंचे। सांसद अमृतपाल सिंह के पिता बापू तरसेम सिंह ने भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ हाजिरी भरी।

पंजाब में नशे की स्थिति पर जताई गहरी चिंता
समागम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पंजाब में नशे के बढ़ते प्रचलन पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या बेहद भयावह रूप ले चुकी है। सरकार की ओर से नशे पर रोक लगाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्थिति चिंताजनक है। शायद ही कोई ऐसा गांव बचा होगा, जहां नशे के कारण किसी युवा की मौत न हुई हो।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नशे के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसके परिणाम आने वाले समय में और भी भयावह होंगे। उन्होंने नशा छुड़ाने के नाम पर दी जा रही एक गोली के बड़े स्तर पर युवाओं के आदी होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने इस समस्या को गंभीरता से लेने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ठोस प्रयास करने की जरूरत पर जोर दिया।
13 अक्टूबर को गोली मारकर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मानसा क्षेत्र में नशे के खिलाफ आवाज उठाने और इस समस्या को लेकर सक्रिय रहने के कारण चर्चा में थे। उनकी हत्या के बाद से परिवार और इंसाफ एक्शन कमेटी की ओर से लगातार इंसाफ की मांग की जा रही है। परिवार का कहना है कि झोटा को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके लिए न्याय की लड़ाई भी जारी रहनी चाहिए।
सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध
समागम में भारी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। तख्त साहिब परिसर के आसपास विभिन्न थानों के प्रभारियों की अगुवाई में पुलिस बल तैनात रहा। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। भाई डल्ल सिंह दीवान हॉल के मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे आयोजन पर नजर रखे हुए थे। तख्त साहिब के प्रबंधकों की ओर से भी संगत की भारी आमद को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं।











