धीरेंद्र शास्त्री पठानकोट के तीन दिवसीय प्रवास पर पहुंचे हैं। देर रात पठानकोट पहुंचे शास्त्री पड्डियां लाहड़ी में रुकेंगे और अगले तीन दिन रोजाना पठानकोट के लमीनी के मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम में हनुमंत कथा और दिव्य दरबार लगाएंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान भी दिव्य दरबार में शिरकत करेंगे।
हिंदू और सिख अलग नहीं, एक ही हैं – शास्त्री
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू-सिख एकता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू और सिख दो अलग-अलग नहीं बल्कि एक ही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे गुरुओं की महिमा, गुरु परंपरा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की महिमा अनवरत बनी रहे, यही हमारा मुख्य संदेश है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे पंजाब में सनातन संस्कृति और आपसी भाईचारे का संदेश लेकर आते रहते हैं, ताकि सभी लोग आपसी भेदभाव भुलाकर भाइयों की तरह रहें।
धर्मांतरण पर दो टूक, अखिलेश के बयान पर टिप्पणी से इनकार
पिछले लुधियाना प्रवास के दौरान शाही इमाम द्वारा धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर माफी मांगने की बात को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने तब भी धर्मांतरण रोकने की बात कही थी और आज भी यही कहते हैं कि संविधान के दायरे में रहकर धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनना चाहिए। उन्होंने लोगों से जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि लोभ या लालच देकर किसी का भी धर्मांतरण नहीं होना चाहिए और इसके खिलाफ सभी को आवाज उठानी चाहिए।
हालांकि, जब उनसे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा पठानकोट से सीधे पाकिस्तान चले जाने पर दिए गए बयान पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि हम भारत वाले हैं और राजनेताओं के बयानों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते।
नशा मुक्ति के लिए अध्यात्म को बताया सबसे बड़ा मार्ग
पंजाब में नशे की समस्या और सरकारों के प्रयासों पर पूछे गए सवाल के जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि नशा छुड़ाने के लिए अध्यात्म ही सबसे कारगर रास्ता है। उन्होंने समझाया कि व्यक्ति को मोटिवेशन (प्रेरणा) और इंस्पिरेशन के बाद आत्म-बोध (रियलाइजेशन) की जरूरत होती है, जो केवल अध्यात्म से ही संभव है। जब व्यक्ति को भीतर से यह बोध हो जाता है, तभी वह नशे जैसी बुराइयों से स्थायी रूप से दूर हो सकता है।









