ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत पठानकोट के पूर्व एडीसी (ग्रामीण विकास) कुलदीप सिंह और स्टोन क्रशर व खनन कारोबार से जुड़े निपुण महाजन को गिरफ्तार कर लिया है। जालंधर की विशेष पीएमएलए अदालत ने दोनों आरोपियों को 16 नवंबर, 2026 तक ईडी की हिरासत (रिमांड) में भेज दिया है।
रिटायरमेंट से ठीक एक दिन पहले पास किया था 92 एकड़ शामलात जमीन का आदेश
ईडी की यह जांच विजिलेंस ब्यूरो, अमृतसर द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। यह मामला जिला पठानकोट की ग्राम पंचायत गोल के अंतर्गत गांव भटियां स्थित 734 कनाल 1 मरला (लगभग 92 एकड़) गांव की शामलात (साझा) जमीन को धोखाधड़ी से निजी व्यक्तियों के नाम ट्रांसफर करने से जुड़ा है। यह जमीन भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब (सीधी रेखा में लगभग 4.2 किलोमीटर दूर) रावी नदी के तलहटी क्षेत्र में स्थित है।

ईडी की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं:
4 दिन का कार्यकाल और बड़ा खेल: कुलदीप सिंह ने 24 फरवरी 2023 से अपनी सेवानिवृत्ति 28 फरवरी 2023 तक पठानकोट के एडीसी (ग्रामीण विकास) का अतिरिक्त कार्यभार संभाला था।
मंत्री की सिफारिश का जिक्र: ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और वन मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने 23 फरवरी 2023 को एक डी.ओ. (DO) पत्र के माध्यम से तत्कालीन ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री को कुलदीप सिंह की इस पद पर नियुक्ति की सिफारिश की थी।
रिटायरमेंट से एक दिन पहले आदेश: एक बिचौलिए के माध्यम से कुलदीप सिंह को शामलात जमीन के हस्तांतरण संबंधी आदेश जल्द पारित करने का संदेश पहुंचाया गया। कुलदीप सिंह ने अपने बयान में स्वीकार किया कि इस अनुरोध के बाद उन्होंने अपनी सेवानिवृत्ति से ठीक एक दिन पहले, 27 फरवरी 2023 को निजी दावेदारों के पक्ष में शामलात जमीन के ट्रांसफर का आदेश पारित कर दिया था।

निपुण महाजन ने पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए किया कब्जा, पहले छापे में मिले थे 1.75 करोड़ कैश
जांच में आरोपी निपुण महाजन ने खुलासा किया कि खनिज संपदा से भरपूर इस शामलात जमीन पर कब्जा हासिल करने के लिए उसने एफआईआर में नामजद आरोपियों के साथ पावर ऑफ अटॉर्नी और खरीद समझौते किए थे, जिसके बदले बैंक खातों और नकदी के माध्यम से भुगतान किया गया।
16 जुलाई को ईडी ने 16 ठिकानों पर की थी छापेमारी
निपुण महाजन के परिसरों से 1.75 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई थी। निपुण महाजन और उससे जुड़े व्यक्तियों के 31 बैंक खाते फ्रीज किए गए थे, जिनमें 18 जुलाई 2026 तक कुल 91.34 लाख रुपये जमा थे।
छापेमारी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद हुए थे, जिनसे पता चला कि उसके क्रशर संस्थानों के माध्यम से रेत और अन्य खनिजों की अवैध बिक्री की जा रही थी, क्योंकि बिक्री के बड़े हिस्से की न तो खाता-बही में एंट्री की गई थी और न ही क्यू-फॉर्म जारी किए गए थे।









