जालंधर में हरियाणा CM का सियासी प्रहार : AAP सरकार और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार व अवैध खनन को लेकर लगाए आरोप

जालंधर– पंजाब में 2027 में होने वाले चुनाव की तैयारियों के बीच हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी का पंजाब में दौरा बढ़ गया है। सीएम सैनी शुक्रवार को फिर जालंधर पहुंचे। पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। सैनी यहां सहयोग वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।

शहर के एक निजी स्कूल में पहुंचने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सैनी लोगों से संवाद करेंगे।

जालंधर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा कि यह ‘आम आदमी’ की नहीं, बल्कि ‘खास आदमी’ की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों में आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं हुई और सरकार ने केवल उन्हीं लोगों को मजबूत किया जो उनके करीब थे।

जांलधर में मंच पर बैठे हरियाणा के सीएम नायब सैनी व अन्य।  - Dainik Bhaskarजांलधर में मंच पर बैठे हरियाणा के सीएम नायब सैनी व अन्य।

बोले- AAP ने उन्हीं विधायकों को टिकट दिया जो पार्टी के भ्रष्टाचार में लिप्त हैं

टिकट वितरण को लेकर सीएम सैनी ने कहा कि जिन मौजूदा विधायकों ने पार्टी की बात नहीं मानी, उनके टिकट काट दिए गए, जबकि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को फिर से टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा कि ‘कट्टर ईमानदारी’ का दावा करने वालों ने पंजाब को भ्रष्टाचार की दलदल में धकेल दिया है।

सीएम सैनी ने कहा कि आज पंजाब के लोग डरे हुए हैं, लेकिन जिस दिन चुनाव आचार संहिता (कोड ऑफ कंडक्ट) लागू होगी, उस दिन इस सरकार की असली स्थिति सामने आ जाएगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि वे ‘जवानी बचाओ यात्रा’ निकालकर दूसरी पार्टियों के सफाए की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले कांग्रेस के पुराने घोषणापत्र को देखना चाहिए। सैनी ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने पवित्र गुटका साहिब की शपथ लेकर नशा खत्म करने और हर घर रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन उनके शासन में नशा और बेरोजगारी दोनों बढ़े।

राहुल गांधी की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई उन्हें स्क्रिप्ट लिखकर दे देता है और वे आकर पढ़ देते हैं।

पूर्व सीएम चन्नी पर कसा तंज

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर तंज कसते हुए सैनी ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर चन्नी को एक डंपर पर चढ़कर अवैध खनन दिखाने की बात करते देखा। सैनी ने कहा कि चन्नी को अपने साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी उस डंपर में बिठा लेना चाहिए, क्योंकि अवैध खनन कांग्रेस के समय भी बड़े स्तर पर हुआ था और आज मान सरकार में भी हो रहा है।

विपक्षी दल चुटकुले सुनाकर जनता को मूर्ख बना रहे

सीएम सैनी ने कहा कि विपक्षी दल सिर्फ चुटकुले सुनाकर जनता को मूर्ख बनाने का काम कर रहे हैं, लेकिन चुटकुलों से पेट नहीं भरता। उन्होंने कहा कि आज जनता को काम चाहिए और यह काम केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail