कटारिया ने अपने 49 साल के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा बलदेव जी ने कम समय में भारतीय संस्कृति और गुरुओं के विचारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। जिस धरती से यह विचारधारा निकली, वहां दुनिया भर के लोग मानवता और प्रेम पर चर्चा करने के लिए जुट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विनम्रता, दयालुता और प्रेम बेहतर समाज की बुनियाद हैं। गुरु नानक देव जी के ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए उन्होंने जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।
दुनिया के अन्य हिस्सों में जारी हिंसा पर चिंता जताई
रूस-यूक्रेन युद्ध और दुनिया के अन्य हिस्सों में जारी हिंसा पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि आपसी संवाद और दूसरों के विचारों का सम्मान करके विवाद सुलझाए जा सकते हैं। किसी को अपनी बात को ही सही नहीं मानना चाहिए।
संगत-पंगत परंपरा को समानता का प्रतीक बताया
उन्होंने गुरु नानक देव जी की संगत-पंगत परंपरा को समानता का प्रतीक बताया। साथ ही छठ पर्व का उदाहरण देते हुए कहा कि उगते और डूबते दोनों सूर्य को अर्घ्य देना जीवन के हर उतार-चढ़ाव में सम्मान का भाव रखने की सीख देता है।









