जालंधर की नहर में मिला फैक्ट्री कर्मचारी का शव: पत्नी से कहा था- घर आ रहा हूं, स्कूटी भी बरामद

जालंधर–जालंधर की कालिया कॉलोनी के पास गदाईपुर नहर से रविवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान न्यू पृथ्वी नगर, हाउस नंबर 10 निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। विशाल फैक्ट्री में काम करता था।

पुलिस ने नहर से युवक के शव के साथ उसकी स्कूटी (PB-08-P-1888) भी बरामद की है, जिसका इग्निशन (चाबी) ऑन हालत में मिला है। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ राकेश कुमार और चौकी फोकल प्वाइंट से एएसआई गुरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब सवा 8 बजे विशाल की पत्नी से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उसका फोन उठना बंद हो गया और रात भर घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।

तड़के करीब 4 बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पूरी रात परिजन अस्पतालों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे। सुबह जब परिवार वाले फैक्ट्री और आसपास के रूट पर पूछताछ करते हुए गदाईपुर नहर के पास पहुंचे, तो वहां लोगों की भीड़ जमा थी और नहर में विशाल का शव व स्कूटी पड़े मिले।

लश मिलने पर रोती हुई युवक की पत्नी। - Dainik Bhaskarशव मिलने पर रोती हुई युवक की पत्नी।

पत्नी ने दोस्तों पर जताया कत्ल का शक

मृतक की पत्नी, बहन और जीजा ने विशाल के साथ काम करने वाले दोस्तों अजय, अशोक और एक अन्य युवक कत्ल का शक जताया। परिजनों का कहना है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद विशाल अपने साथियों के साथ नहर की पुली के पास रुका था, जहां उन्होंने शराब पी और गोलगप्पे खाए।

गोलगप्पे बेचने वाले ने भी बताया कि युवक नशे की हालत में था और वहां उनके बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि रात भर फोन करने के बावजूद विशाल के दोस्तों ने सही जानकारी नहीं दी और एक-दूसरे पर बात टालते रहे।

परिवार का तर्क है कि जिस रास्ते से विशाल आ रहा था, वहां नहर की दीवार काफी ऊंची है और फिसलकर गिरने का कोई निशान नहीं है, इसलिए उसे धक्का देकर या हत्या कर नहर में फेंका गया है।

पुलिस बोली-स्कूटी अनियंत्रित होने से गिरने की आशंका

वहीं, मौके पर पहुंचे थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूटी चालू (ऑन) हालत में नहर से मिली है, जिससे आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिरा हो सकता है। मृतक के शरीर पर फिलहाल किसी गंभीर चोट के निशान नहीं दिखे हैं।

हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विशाल के साथ मौजूद रहे दोस्तों से भी पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail