निगम यूनियन के धरने के बीच मेयर विनीत धीर की बड़ी घोषणा, 1196 कर्मचारियों की भर्ती को हरी झंडी

जालंधर– जालंधर नगर निगम यूनियन ने भर्ती और स्टाफिंग की 15 मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ धरना दिया है। इस मामले पर मेयर विनीत धीर ने साफ किया है कि यूनियन की अधिकतर मांगें मान ली गई हैं और 35 साल बाद पहली बार 1196 कर्मचारियों की भर्ती की फाइल भी पास हो गई है। मेयर को उम्मीद है कि आज कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो जाएगी और शहर की सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट आएगी।

जालंधर में नगर निगम यूनियन के एक गुट ने अपनी 15 मुख्य मांगों को लेकर एक बार फिर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी मुख्य रूप से नई भर्ती और स्टाफिंग की कमी को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द से जल्द लागू करने की अपील की।

यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ हो रही बैठके

दूसरी तरफ, कर्मचारियों की इस हड़ताल को लेकर शहर के मेयर विनीत धीर ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि सभरवाल यूनियन के साथ कुछ मांगों को लेकर विवाद चल रहा था। इस समस्या को सुलझाने के लिए पिछले दो से तीन दिनों से यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। बीते दिन भी इस मसले पर करीब तीन से चार घंटे तक लंबी बातचीत हुई, जिसमें कर्मचारियों से हड़ताल न करने और बातचीत से हल निकालने की अपील की गई थी।

यूनियन की कुल 15 मांगों में से 10 से 11 मांगों लिया गया

मेयर विनीत धीर ने जानकारी दी कि यूनियन की कुल 15 मांगों में से 10 से 11 मांगों को पहले ही मान लिया गया है। अब केवल तीन से चार मांगों पर ही विचार चल रहा है, जिन्हें प्रशासन जल्द ही पूरा कर देगा। मेयर को पूरा भरोसा है कि अधिकतर मांगें पूरी होने के बाद कर्मचारी जल्द ही अपनी हड़ताल वापस ले लेंगे।

ठेका प्रथा और नई भर्तियों पर बात करते हुए मेयर ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने 35 सालों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार 1196 कर्मचारियों की भर्ती की फाइल को मंजूरी दे दी है। इन 1196 पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नगर निगम को कच्चे कर्मचारियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा

मेयर के मुताबिक, इन नए कर्मचारियों की भर्ती होने के बाद नगर निगम को कच्चे कर्मचारियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों के हित से जुड़ी सभी मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। अंत में मेयर ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि हड़ताल खत्म होते ही शहर से कूड़ा उठा लिया जाएगा और जालंधर को फिर से साफ-सुथरा बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail