राजा वड़िंग के इंसाफ मार्च में नहीं दिखी कांग्रेस की बड़ी लीडरशिप, परगट सिंह और सचिन पायलट रहे नदारद

लुधियाना– पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आज से लुधियाना में ‘इंसाफ मार्च’ की शुरुआत की। इस मार्च का आगाज लुधियाना सेंट्रल हलके के रेलवे गोदाम इलाके से हुआ।

राजा वड़िंग के इंसाफ मार्च से स्टेट लीडरशिप से लेकर प्रदेश प्रभारी ने किनारा कर दिया। वड़िंग के इंसाफ मार्च की शुरुआत के मौके पर न तो प्रदेश प्रधान परगट सिंह पहुंचे और न ही प्रभारी सचिन पायलट पहुंचे। यही नहीं प्रदेश लीडरशिप में से चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, सुखपाल सिंह खैहरा समेत कोई भी सीनियर लीडर नहीं पहुंचा

राजा वड़िंग की इंसाफ यात्रा की शुरुआत के मौके पर मंच पर नहीं दिखा कोई प्रदेश स्तरीय नेता - Dainik Bhaskarराजा वड़िंग की इंसाफ यात्रा की शुरुआत के मौके पर मंच पर नहीं दिखा कोई प्रदेश स्तरीय नेता

मंच पर सीनियर लीडरशिप के न आने पर राजा वड़िंग ने कह दिया कि अब मीडिया यह न चला दे कि राजा वड़िंग के प्रोग्राम में कोई नहीं पहुंचा। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश के सभी नेता अपने-अपने कार्यक्रमों में लगे हैं।

राजा वड़िंग ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे आम नागरिक, व्यापारी और अभिभावक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लगातार निकाली जाएगी।

लुधियाना में वड़िंग के इंसाफ मार्च की शुरुआत हुई।
लुधियाना में वड़िंग के इंसाफ मार्च की शुरुआत हुई।

जानिए… राजा वड़िंग के मार्च में किन मुद्दों पर फोकस

  • बिगड़ती कानून-व्यवस्था और हत्या के मामले: राजा वड़िंग ने साल 2022 से 2024 के बीच अकेले लुधियाना में हत्या के 170 मामले दर्ज होने का आंकड़ा पेश करते हुए सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। सिद्धू मूसेवाला, राहुल शर्मा, नीरू छाबड़ा और कबड्डी खिलाड़ियों तेजपाल व गगनदीप सिंह की हत्याओं को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाब मांगा जाएगा।
  • गैंगस्टरवाद और जेलों से संचालन: वड़िंग ने साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि जेल में बंद होने के बावजूद आपराधिक गतिविधियां कैसे जारी हैं। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की AAP सरकार पर 45 आपराधिक मामलों का सामना कर रहे व्यक्तियों को पार्टी में शामिल करने और चुनाव टिकट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मार्च के दौरान मुख्यमंत्री से गैंगस्टरों को बढ़ावा दिए जाने पर भी जवाब मांगा जाएगा।
  • नशे का बढ़ता कारोबार: कांग्रेस सांसद का दावा है कि राज्य में नशे का कारोबार चार गुना बढ़ गया है और ‘जॉम्बी ड्रग्स’ जैसे नए खतरनाक नशे सामने आ रहे हैं। उन्होंने सरकार के ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ अभियान की सफलता पर सवाल उठाते हुए नशा तस्करों और प्रशासन के बीच कथित मिलीभगत के आरोप लगाए। उन्होंने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर झोटा की हत्या और एक दलित परिवार के सात घरों को आग लगाए जाने की घटना का भी जिक्र किया। राजा वड़िंग ने कहा कि मार्च के दौरान नशे की समस्या पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
  • व्यापारियों को फिरौती की धमकियां: लुधियाना को पंजाब का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बताते हुए वड़िंग ने कहा कि यहां के व्यापारी और उद्योगपति गैंगस्टरों की ओर से मिल रही फिरौती की धमकियों के कारण डर के साये में काम कर रहे हैं। कई कारोबारी डर के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी हिचकिचाते हैं। इसके अलावा, उद्योगों को सरकार की तरफ से जरूरी नीतिगत सहयोग न मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
  • कर्मचारियों की मांगें और भर्ती परीक्षाएं: मार्च के दौरान सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते (DA), पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू न करने, PRTC कर्मचारियों की समस्याओं और राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Traffic Tail