
शादी समारोह में दोनों हाथों में हथियार से फायरिंग
शादी और अन्य खुशियों के मौकों पर हवाई फायरिंग करने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसी घटनाओं में कई बार बेकसूर लोगों की जान भी जा चुकी है। अब ऐसा ही एक नया मामला होशियारपुर से सामने आया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक अपने शादी समारोह के रीति-रिवाजों के बीच दोनों हाथों में हथियार पकड़कर लगातार हवा में गोलियां चलाता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में दिख रहा युवक होशियारपुर के नजदीकी गांव का रहने वाला है और आम आदमी पार्टी का स्थानीय नेता है। बताया जा रहा है कि इस शादी समारोह में होशियारपुर के विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा भी विशेष तौर पर शामिल हुए थे। यह वीडियो स्क्रीन रिकॉर्डिंग के जरिए सामने आया है, जिसके चलते इसमें गोलियों की आवाज तो सुनाई नहीं दे रही, लेकिन युवक साफ तौर पर दोनों हाथों से फायरिंग करता नजर आ रहा है।
प्रितपाल सिंह आरोपो को झूठा बताया
इस पूरे मामले पर जब युवक प्रितपाल सिंह से बात की गई, तो उसने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया। प्रितपाल सिंह का कहना है कि उसने शादी में किसी भी तरह की कोई फायरिंग नहीं की है। उसने दावा किया कि किसी शरारती तत्व ने उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए AI तकनीक की मदद से यह फर्जी वीडियो तैयार कर वायरल किया है।
अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिक गया है। अक्सर राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने से कतराती है। अब देखना यह होगा कि क्या पुलिस इस वीडियो की किसी फोरेंसिक लैब से निष्पक्ष जांच करवाएगी ताकि यह साफ हो सके कि वीडियो असली है या AI से बनाया गया है।









