जालंधर– जालंधर में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के तहत काम कर रहे कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को 13वें दिन भी जारी रही। इसके चलते जिले भर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सरकार के अनदेखी भरे रवैये से नाराज कर्मचारियों ने रोष स्वरूप सीएम और सेहत मंत्री का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को सरकार और सेहत विभाग के उच्चाधिकारियों के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
कई बैठकें हुईं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला
यूनियन की प्रदेश प्रधान संदीप कौर बरनाला ने कहा कि सरकार के साथ विभिन्न स्तरों पर कई बार बैठकें हो चुकी हैं और हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। कर्मचारी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए कल्याण कमेटी के गठन का भरोसा भी दिया गया था, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
उन्होंने उम्मीद जताई कि 25 नवंबर को होने वाली आगामी बैठक में सरकार महज आश्वासनों तक सीमित रहने के बजाय समयबद्ध तरीके से ठोस फैसला लेगी।
25 की बैठक में नतीजा नहीं निकला तो संघर्ष तेज होगा
जिला प्रधान डॉ. पंखुड़ी ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 25 नवंबर की बैठक में मांगों पर कोई सार्थक नतीजा नहीं निकला, तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। ऐसी स्थिति में पंजाब सरकार के एक बड़े कैबिनेट मंत्री के आवास के बाहर पक्का मोर्चा लगाकर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारी अपने हकों के लिए एकजुट हैं और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर डॉ. विपन, डॉ. कमल, डॉ. पंकज, सीएचओ तनवी और परमवीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।









